आईआईटीएच के बारे में


About IITH

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान हैदराबाद (आईआईटी हैदराबाद) विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का एक प्रतिष्ठित संस्थान है, जिसकी स्थापना वर्ष 2008 में हुई थी। राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग रूपरेखा एनआईआरएफ) के अनुसार, आईआईटी हैदराबाद अभियांत्रिकी के क्षेत्र में देश के शीर्ष 10 संस्थानों में लगातार अपना स्थान बनाए हुए है।

आईआईटी हैदराबाद पारंपरिक अभियांत्रिकी विषयों, अनुप्रयुक्त विज्ञान, डिज़ाइन तथा अंतर्विषयक क्षेत्रों में स्नातक पाठ्यक्रम प्रदान करता है।

आईआईटी हैदराबाद की आधारशिला ही अनुसंधान एवं नवाचार पर आधारित है।

आईआईटी हैदराबाद प्रत्येक स्तर पर नवाचार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

आईआईटी हैदराबाद का जापान के विश्वविद्यालयों एवं उद्योगों के साथ एक अत्यंत विशिष्ट संबंध है, जो शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग से कहीं आगे तक विस्तृत है।

आईआईटी हैदराबाद शिक्षा के लिए एक समग्र एवं अनुकूल परिवेश का निर्माण करता है, जो विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को अपने सपनों को साकार करने में सक्षम बनाता है।

आईआईटी हैदराबाद विवरणिका

निदेशक का संदेश

प्रिय साथियो,
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान हैदराबाद (आईआईटी हैदराबाद) में आपका हार्दिक स्वागत है।

‘मानव हितैषी प्रौद्योगिकी का आविष्कार एवं नवाचार ’ (IITH) केवल आईआईटी हैदराबाद का आदर्श वाक्य ही नहीं है, बल्कि यह वह दर्शन है, जो हमारी संस्थागत पहचान को परिभाषित करता है। एक संस्थान के रूप में, हम ज्ञान की सीमाओं को निरंतर विस्तृत करने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि हमारे विचारों एवं नवाचारों से लोगों, उद्योगों और राष्ट्र को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो। हमें ऐसे ऊर्जावान एवं गतिशील नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने पर गर्व है, जो यहाँ अर्जित एवं विकसित कौशल के माध्यम से विश्व में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम हैं और एक बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान दे रहे हैं। अपनी स्थापना के मात्र 17 वर्ष पूर्ण करने वाले संस्थान के रूप में यह संतोष एवं गर्व का विषय है कि हमने उल्लेखनीय प्रगति की है और अब हम प्रथम पीढ़ी के कुछ आईआईटी के समकक्ष पहुँच चुके हैं। भारत के अग्रणी संस्थानों में से एक होने के नाते, आईआईटी हैदराबाद प्रतिभाओं को निखारने एवं उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने वाला एक सशक्त एवं जीवंत परिवेश विकसित करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

आईआईटी हैदराबाद की शैक्षणिक एवं अनुसंधान संबंधी उत्कृष्टता राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग रूपरेखा (एनआईआरएफ-2025) में परिलक्षित होती है। इस रैंकिंग में आईआईटी हैदराबाद ने प्रथम पीढ़ी के सात प्रतिष्ठित आईआईटी को पीछे छोड़ते हुए देश के अभियांत्रिकी संस्थानों में 7वाँ स्थान प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त, नवाचार के क्षेत्र में इसे 6वाँ, अनुसंधान के क्षेत्र में 15वाँ तथा समग्र श्रेणी में 12वाँ स्थान प्राप्त हुआ है। क्यूएस विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग-2026 में आईआईटी हैदराबाद ने 664वाँ स्थान प्राप्त किया है। संकाय सदस्य के प्रति उद्धरणों के आधार पर यह विश्व के शीर्ष 10 प्रतिशत संस्थानों में शामिल है तथा भारत के शीर्ष 10 अभियांत्रिकी संस्थानों में अपना स्थान बनाए हुए है। संस्थान में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. कार्यक्रमों में 5,750 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें लगभग 60 प्रतिशत विद्यार्थी स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. कार्यक्रमों से संबंधित हैं। पाठ्यक्रम नवाचार के क्षेत्र में भी संस्थान निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इसके अंतर्गत भारत का कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) में प्रथम बी.टेक. कार्यक्रम जैसी अग्रणी शैक्षणिक पहलें शामिल हैं। परिसर में हाल ही में स्थापित रिकॉर्डिंग स्टूडियो तथा *ओपन टू ऑल टीचिंग (OAT)* कार्यक्रम के माध्यम से चयनित पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन एवं दूरस्थ शिक्षण के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन पहलों से कार्यरत पेशेवरों, संकाय सदस्यों तथा अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को नई पीढ़ी की प्रौद्योगिकियों एवं विशिष्ट विषयों में पुनः कौशल अर्जन (Reskilling) और कौशल उन्नयन का अवसर मिल रहा है। ये पहलें डिजिटल शिक्षा के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करती हैं।

आईआईटी हैदराबाद में अनुसंधान एवं उद्यमिता एक-दूसरे के पूरक हैं। हमने नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक दूरदर्शी कदम उठाए हैं। इसके अंतर्गत अपने इन्क्यूबेटरों के माध्यम से 320 से अधिक स्टार्टअप्स को सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए BUILD (Bold and Unique Ideas Leading to Development – विकास की दिशा में अग्रसर साहसिक एवं विशिष्ट विचार) जैसे कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है। इस वर्ष हमने एक और महत्वाकांक्षी पहल BHARATI (Bold Hearted Aspirants RAising to Transform India – भारत के रूपांतरण हेतु संकल्पित एवं साहसी अभ्यर्थी) प्रारंभ की है, जिसका उद्देश्य भविष्य के निर्भीक अभियंताओं को तैयार करना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रथम वर्ष के 660 विद्यार्थी, 90 समर्पित संकाय मार्गदर्शकों के निर्देशन में, व्यावहारिक अभियांत्रिकी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इससे उनमें रचनात्मकता एवं नवाचार की भावना विकसित हो रही है तथा वे ऐसे समाधान तैयार कर रहे हैं, जो भविष्य को नई दिशा देंगे। हम ऐसा सशक्त परिवेश विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो हमारे विद्यार्थियों को वैश्विक नेतृत्वकर्ता बनने के लिए तैयार करे और हमारे आदर्श वाक्य ‘मानव हितैषी प्रौद्योगिकी का आविष्कार एवं नवाचार’ (IITH) के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान देने हेतु प्रेरित करे।

हमने एक महत्वाकांक्षी योजना ‘पेटेंट अ डे : मिशन 365’ भी प्रारंभ की है, जिसका उद्देश्य एक वर्ष में 365 पेटेंट आवेदन दाखिल करना है। आईआईटी हैदराबाद अब तक 580 से अधिक पेटेंट आवेदन दाखिल कर चुका है, जिनमें से 210 से अधिक आवेदन केवल पिछले वर्ष में दाखिल किए गए हैं।

हमारे अत्याधुनिक अनुसंधान अवसंरचना में अब 30 से अधिक केंद्र एवं उत्कृष्टता केंद्र शामिल हैं, जो प्रभावशाली अनुसंधान एवं उद्योग जगत के साथ सहयोग के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी, आईआईटी हैदराबाद ने पिछले एक वर्ष के दौरान ही जापान, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका तथा कई यूरोपीय देशों सहित सात देशों में रणनीतिक साझेदारियाँ स्थापित की हैं। ये सहयोग शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में वैश्विक उत्कृष्टता प्राप्त करने के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

हमारे पूर्व विद्यार्थी अपनी उपलब्धियों के माध्यम से हमें निरंतर प्रेरित करते रहते हैं। चाहे वह संस्थान के अवसंरचना विकास एवं छात्रवृत्तियों के लिए उदारतापूर्वक योगदान देना हो अथवा सिविल सेवाओं, उद्यमिता एवं सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल करना हो। उनकी सफलता उन मूल्यों, शिक्षा एवं भावना को प्रतिबिंबित करती है, जिन्हें आईआईटी हैदराबाद अपने विद्यार्थियों में विकसित करता है।

भविष्य की ओर अग्रसर होते हुए, आईआईटी हैदराबाद नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने, ज्ञान के विस्तार तथा नवाचार एवं सहयोग के माध्यम से वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने की अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग है। भारत जब डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत तथा अमृत काल विजन @2047 जैसे परिवर्तनकारी राष्ट्रीय अभियानों के माध्यम से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है, तब आईआईटी हैदराबाद को इन राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप अपने प्रयासों को आगे बढ़ाने पर गर्व है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ के दर्शन से प्रेरित होकर, जिसका आशय सामूहिक प्रयास एवं समावेशी विकास है, हम केवल इस परिवर्तन के साक्षी ही नहीं हैं, बल्कि एक आत्मनिर्भर, नवोन्मेषी एवं समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भागीदारी भी निभा रहे हैं। इस दिशा में संस्थान के संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के स्वयंसेवी सहयोग से आसपास के गाँवों के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं कौशल विकास तथा शिक्षकों की शिक्षण क्षमताओं को सुदृढ़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, संस्थान के ग्रामीण विकास केंद्र (Rural Development Centre – RDC) के पर्यवेक्षण में ग्रामीणों द्वारा सामना की जाने वाली समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान से संबंधित परियोजनाएँ संकाय सदस्यों को सौंपी जा रही हैं। साथ ही, ग्रामीण विकास केंद्र के पर्यवेक्षण में नेक्स्ट भारत वेंचर्स (सुज़ुकी पहल, जापान) तथा देशपांडे फाउंडेशन के सहयोग से पड़ोसी गाँवों के ग्रामीणों के लिए कौशल विकास पहलों का विस्तार करने का प्रस्ताव है, ताकि उनके रोजगार के अवसरों में वृद्धि की जा सके। हमारा मानना है कि संस्थान की प्रगति एवं विकास का आकलन उसके आसपास के क्षेत्रों की प्रगति एवं विकास को ध्यान में रखकर ही किया जाना चाहिए।

भविष्य की ओर देखते हुए, हमारे प्रयास ‘विकसित भारत @2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से गहराई से जुड़े हुए हैं। हमारा लक्ष्य आईआईटी हैदराबाद को डीप-टेक अनुसंधान, परिवर्तनकारी शिक्षा तथा मानव-केंद्रित नवाचार के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है, जो न केवल भारत की आवश्यकताओं की पूर्ति करे, बल्कि वैश्विक प्रगति में भी योगदान दे। मैं सभी हितधारकों—विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों, शोधकर्ताओं, उद्योग जगत के सहयोगियों तथा पूर्व विद्यार्थियों—से आह्वान करता हूँ कि वे राष्ट्रीय विकास एवं वैश्विक प्रभाव की इस रोमांचक यात्रा में हमारे साथ सहभागी बनें।

प्रो. बी. एस. मूर्ति
निदेशक, आईआईटी हैदराबाद

दृष्टि

आईआईटी हैदराबाद आविष्कारों एवं नवाचारों का उद्गम स्थल बनेगा। यह विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं उदार कला के क्षेत्रों में विद्यार्थियों के ज्ञान एवं विद्वत्ता को उन्नत करेगा तथा उन्हें 21वीं सदी में राष्ट्र एवं विश्व के समक्ष उपस्थित चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाएगा।

ध्येय

उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में विचारशील नेतृत्वकर्ता एवं अग्रणी संस्थान के रूप में पहचान स्थापित करना तथा भारत एवं संपूर्ण मानवता के कल्याण हेतु रचनात्मकता, प्रौद्योगिकी एवं जुनून से युक्त मानव संसाधन का विकास करना।

अभिशासक मंडल


Shri. B. V. R. Mohan Reddy
श्री बी. वी. आर. मोहन रेड्डी

अध्यक्ष

(संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष, साइएंट लिमिटेड)

Smt. Saumya Gupta, IAS
श्रीमती सौम्या गुप्ता, आईएएस

सदस्य – केंद्र सरकार के नामित प्रतिनिधि

(संयुक्त सचिव, भारत सरकार, उच्चतर शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय)

Dr Yogita Rana, IAS
डॉ. योगिता राणा, आईएएस

सदस्य – राज्य सरकार के नामित प्रतिनिधि

(प्रधान सचिव, तेलंगाना सरकार, शिक्षा विभाग)

Prof. (Mrs.) Vinod Krishan
प्रो. (श्रीमती) विनोद कृष्णन

सदस्य

(वरिष्ठ प्रोफेसर एवं अधिष्ठाता, भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (भारत सरकार))

Dr. Prema Ramachandran
डॉ. प्रेमा रामचंद्रन

सदस्य

(निदेशक, न्यूट्रिशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया)

Prof. M Lakshmi Kantam
प्रो. एम. लक्ष्मीकांतम

सदस्य

(प्रोफेसर, रासायनिक प्रौद्योगिकी संस्थान, मुंबई)

Prof. K Siva Kumar
प्रो. के. शिव कुमार

सदस्य – सीनेट के नामित सदस्य

(प्रोफेसर, आईआईटी हैदराबाद, कंडी, तेलंगाना)

Prof. Vinod M Janardhanan
प्रो. विनोद एम. जनार्दनन

सदस्य – सीनेट के नामित सदस्य

(प्रोफेसर, आईआईटी हैदराबाद, कंडी, तेलंगाना)

Prof. B. S. Murty
प्रो. बी. एस. मूर्ति

पदेन सदस्य

(निदेशक, आईआईटी हैदराबाद, कंडी, तेलंगाना)

Shri V Venkat Rao
श्री वी. वेंकट राव

सचिव

(कुलसचिव एवं सदस्य-सचिव, आईआईटी हैदराबाद, कंडी, तेलंगाना)

प्रो. बी. एस. मूर्ति के बारे में


प्रो. बी. एस. मूर्ति एक प्रतिष्ठित धातुकर्म अभियंता, प्रख्यात अनुसंधानकर्ता एवं सम्मानित शिक्षाविद् हैं। उन्होंने 26 अगस्त, 2019 को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान हैदराबाद (आईआईटी हैदराबाद) के निदेशक का पदभार ग्रहण किया तथा 20 जून, 2025 को उन्हें पुनः इस पद पर नियुक्त किया गया।

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में जन्मे प्रो. मूर्ति ने वर्ष 1983 में गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, विजयवाड़ा से धातुकर्म अभियांत्रिकी में डिप्लोमा प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक यात्रा प्रारंभ की। इसके पश्चात् उन्होंने वर्ष 1986 में वीएनआईटी, नागपुर से धातुकर्म अभियांत्रिकी में बी.ई. की उपाधि विशिष्ट श्रेणी एवं प्रथम स्थान के साथ प्राप्त की। उन्होंने आगे भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु से वर्ष 1988 में एम.ई. तथा वर्ष 1992 में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की। इस शैक्षणिक पृष्ठभूमि ने पदार्थ विज्ञान एवं अभियांत्रिकी के क्षेत्र में प्रगति हेतु समर्पित उनके दीर्घ एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं अनुसंधान करियर की मजबूत नींव रखी।

पिछले तीन दशकों के दौरान, प्रो. मूर्ति ने आईआईटी खड़गपुर और आईआईटी मद्रास जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनेक महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएँ प्रदान की हैं। इसके पश्चात् उन्होंने वर्ष 2019 में आईआईटी हैदराबाद के निदेशक का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने आईआईआईटी रायचूर, आईआईआईटीडीएम कुरनूल तथा एनआईटी आंध्र प्रदेश जैसे संस्थानों का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

प्रो. मूर्ति नैनो पदार्थों, उच्च एंट्रॉपी मिश्रधातुओं, बल्क धात्विक काँच तथा एल्युमिनियम-आधारित मिश्रित पदार्थों के क्षेत्र में अपने अग्रणी अनुसंधान कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण अनुसंधान सुविधाओं की स्थापना में अग्रणी भूमिका निभाई है। इनमें आईआईटी मद्रास में स्थापित राष्ट्रीय परमाणु प्रोब टोमोग्राफी सुविधा तथा आईआईटी हैदराबाद में स्थापित इन-सिटू एवं सहसंबद्ध सूक्ष्मदर्शिकी केंद्र शामिल हैं। ये दोनों ही सुविधाएँ भारत में अपनी तरह की प्रथम अनुसंधान सुविधाएँ हैं।

एक प्रतिष्ठित एवं विपुल अनुसंधानकर्ता के रूप में, प्रो. मूर्ति ने 550 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं तथा ‘उच्च एंट्रॉपी मिश्रधातुएँ’ और ‘नैनो विज्ञान एवं नैनो प्रौद्योगिकी’ जैसी महत्वपूर्ण पुस्तकों की रचना की है। उन्होंने 50 से अधिक शोधार्थियों को पीएच.डी. हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया है। 82 के एच-इंडेक्स तथा 29,250 से अधिक उद्धरणों के साथ, उन्होंने विश्व के अग्रणी धातुकर्म एवं पदार्थ विज्ञान विशेषज्ञों में अपना विशिष्ट स्थान स्थापित किया है।

प्रो. मूर्ति के उत्कृष्ट योगदानों के लिए उन्हें भारत के अनेक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक सम्मानों से सम्मानित किया गया है। इनमें वर्ष 2007 का शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार, इस्पात मंत्रालय द्वारा वर्ष 2021 में प्रदान किया गया राष्ट्रीय धातुकर्मी पुरस्कार, वर्ष 2018 से प्रदान की जा रही जे.सी. बोस फेलोशिप, वर्ष 2019 का भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी (आईएनएई) उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार, वर्ष 2015 में भारतीय धातु संस्थान द्वारा प्रदान किया गया जी.डी. बिड़ला स्वर्ण पदक तथा वर्ष 2023 में ईएमएसआई और वर्ष 2016 में आईआईटी मद्रास द्वारा प्रदान किए गए आजीवन उपलब्धि सम्मान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, उन्हें वर्ष 2020 में भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु तथा वर्ष 2010 में वीएनआईटी, नागपुर द्वारा प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनकी प्रारंभिक प्रतिभा एवं उत्कृष्ट उपलब्धियों को भी अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों के माध्यम से मान्यता मिली। इनमें वर्ष 1995 का भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (आईएनएसए) युवा वैज्ञानिक पुरस्कार, वर्ष 1997 का भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी (आईएनएई) युवा अभियंता पुरस्कार, वर्ष 1994 का युवा धातुकर्मी पुरस्कार तथा वर्ष 1992 का भारतीय विज्ञान कांग्रेस संघ (आईएससीए) युवा वैज्ञानिक पुरस्कार शामिल हैं। इसके साथ ही, उन्हें वर्ष 1997 से 2000 के दौरान अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) युवा शिक्षकों हेतु कैरियर पुरस्कार तथा वर्ष 1988 में सर्वश्रेष्ठ एम.ई. शोध-प्रबंध के लिए प्रो. ए. ए. कृष्णन स्वर्ण पदक भी प्रदान किया गया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रो. मूर्ति को अनेक प्रतिष्ठित सम्मान एवं शैक्षणिक मान्यताएँ प्राप्त हुई हैं। उन्हें वर्ष 2018 में द वर्ल्ड एकेडमी ऑफ साइंसेज, वर्ष 2013 में एशिया पैसिफिक एकेडमी ऑफ मैटेरियल्स तथा वर्ष 2010 में एएसएम इंटरनेशनल का फेलो निर्वाचित किया गया। वर्ष 2021 में दक्षिण अफ्रीका विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें ‘प्रोफेसर एक्स्ट्राऑर्डिनेरियस’ की उपाधि से सम्मानित किया गया तथा वर्ष 2017 में ऑस्ट्रेलिया के डीकिन विश्वविद्यालय ने उन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की। उनकी अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक गतिविधियों में वर्ष 2025 से स्विनबर्न यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में सहायक प्रोफेसर, वर्ष 2016 से 2022 तक ब्रिटिश कोलंबिया विश्वविद्यालय में एसोसिएट फैकल्टी तथा वर्ष 2011 से 2020 तक कनाडा के रायर्सन विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के रूप में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने एएसएम इंटरनेशनल की नामांकन समिति के सदस्य, वर्ष 2014 में एएसएम-आईआईएम नॉर्थ अमेरिका व्याख्याता, वर्ष 2008 से 2017 तथा वर्ष 2017 से 2026 तक रैपिडली क्वेंच्ड मेटल्स संबंधी अंतरराष्ट्रीय सलाहकार समिति के सदस्य तथा वर्ष 2019 से आईएसएमएएनएएम की संचालन समिति के सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। पदार्थ अनुसंधान के क्षेत्र में उनके योगदान को आगे बढ़ाने में उनकी संपादकीय एवं अकादमिक भूमिकाएँ भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से 2024 तक जर्नल ऑफ अलॉयज एंड कंपाउंड्स के संपादक के रूप में कार्य किया है तथा वर्ष 2001 से मेटलर्जिकल एंड मैटेरियल्स ट्रांजैक्शन्स में प्रमुख समीक्षक (की रीडर) के रूप में योगदान दे रहे हैं। हाल ही में, वर्ष 2025 से वे साइंस एंड टेक्नोलॉजी ऑफ एडवांस्ड मैटेरियल्स पत्रिका के सलाहकार सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं।

प्रो. मूर्ति भारत की सभी प्रमुख विज्ञान एवं अभियांत्रिकी अकादमियों के फेलो हैं। इनमें भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी (FNAE), भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (FNA), भारतीय विज्ञान अकादमी (FASc) तथा राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (FNASc) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, वे अनेक प्रतिष्ठित व्यावसायिक एवं तकनीकी संस्थाओं के भी फेलो हैं। इनमें भारतीय धातु संस्थान (FIIM), भारतीय इलेक्ट्रॉन सूक्ष्मदर्शिकी सोसाइटी (FEMSI), भारतीय चूर्ण धातुकर्म संघ (FPMAI), आंध्र प्रदेश विज्ञान अकादमी (FAPAS) तथा तेलंगाना विज्ञान अकादमी (FTAS) शामिल हैं।

शैक्षणिक सम्मानों के अतिरिक्त, प्रो. मूर्ति ने राष्ट्रीय स्तर पर अनेक प्रतिष्ठित नेतृत्वकारी दायित्वों का निर्वहन किया है। वे वर्ष 2023 से 2027 तक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के सदस्य हैं। वे भारत-अमेरिका महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकियों संबंधी पहल (iCET) के सह-अध्यक्ष, भारत-अमेरिका ग्लोबल चैलेंज संस्थान के अध्यक्ष तथा भारत सरकार की उद्योग एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग संबंधी अधिकार-प्राप्त समिति (ECIIC) के अध्यक्ष हैं। उन्होंने वर्ष 2022 से 2025 तक भारतीय धातु संस्थान के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया है तथा वर्तमान में इसके अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, वे वर्तमान में जवाहरलाल नेहरू प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जेएनटीयू), हैदराबाद तथा उस्मानिया विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग कॉलेज के शासी मंडलों के अध्यक्ष हैं। वे रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला (DRDL) की अनुसंधान परिषद का नेतृत्व भी कर रहे हैं।

प्रो. मूर्ति ने नीतिगत निर्माण, प्रशासनिक व्यवस्था एवं शैक्षणिक उन्नति के क्षेत्र में भी विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों के माध्यम से व्यापक योगदान दिया है। वे आईआईटी परिषद की स्थायी समिति (SCIC), एनआईएफएफटी, राँची तथा एनआईटी वारंगल के शासी मंडलों के सदस्य रहे हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने आईआईटी खड़गपुर, आईआईटी जोधपुर तथा कई राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (एनआईटी) में भारत के राष्ट्रपति के नामित सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। उन्होंने सीएसआईआर की प्रतिष्ठित प्रयोगशालाओं की अनुसंधान परिषदों तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी)-विज्ञान एवं इंजीनियरिंग अनुसंधान बोर्ड (एसईआरबी) की पदार्थ विज्ञान एवं युवा वैज्ञानिकों से संबंधित समितियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने वर्ष 2017 से 2022 तक ‘ट्रांजैक्शन्स ऑफ द इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स’ के मुख्य संपादक के रूप में अपनी सेवाएँ प्रदान की हैं। अभियांत्रिकी शिक्षा के विकास में उनके योगदान में एआईसीटीई-आईएनएई यात्रा अनुदान योजना का नेतृत्व करना, आईएनएई की शासी परिषद के सदस्य के रूप में कार्य करना तथा आईएनएई एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की विभिन्न समितियों के माध्यम से युवा नवाचारकर्ताओं को प्रोत्साहित एवं सहयोग प्रदान करना शामिल है।

अपनी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक उपलब्धियों के अतिरिक्त, प्रो. मूर्ति भावी पीढ़ी के अभियंताओं एवं नवाचारकर्ताओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें विकसित करने के लिए विशेष रूप से समर्पित हैं। वे आत्मनिर्भर भारत जैसे राष्ट्रीय अभियानों के उद्देश्यों के अनुरूप अपने प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए एक सतत एवं टिकाऊ विश्व के निर्माण हेतु अभियांत्रिकी आधारित समाधानों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

उनका नेतृत्व अनुसंधान के क्षेत्र से आगे बढ़कर संस्थान निर्माण एवं विकास तक विस्तृत है। आईआईटी हैदराबाद में प्रो. मूर्ति ने ऐसी परिवर्तनकारी पहलों की शुरुआत की है, जिनमें बहुविषयक शिक्षण, डीप-टेक नवाचार, उद्यमिता एवं कौशल विकास पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने आईटीआईसी इन्क्यूबेटर को सुदृढ़ बनाने, विद्यार्थियों में नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने हेतु BUILD (Bold & Unique Idea Led Development – विशिष्ट एवं नवोन्मेषी विचारों पर आधारित विकास) तथा BHARATI (Bold Hearted Aspirants RAising to Transform India – भारत के रूपांतरण हेतु संकल्पित एवं साहसी अभ्यर्थी) कार्यक्रमों की शुरुआत करने तथा तकनीकी कर्मचारियों के बीच कौशल विकास की सशक्त संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका ‘करके सीखने’ (Learning by Doing) का दर्शन आईआईटी हैदराबाद के शैक्षणिक परिवेश में महत्वपूर्ण परिवर्तन लेकर आया है। इसके अंतर्गत परियोजना-आधारित शिक्षण, उद्योग जगत में इंटर्नशिप तथा वैश्विक शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में आईआईटी हैदराबाद ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में तीव्र प्रगति की है तथा नवाचार-आधारित शिक्षा के एक प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

आईआईटी हैदराबाद के निदेशक के रूप में, प्रो. मूर्ति ने शैक्षणिक क्षेत्र में लचीलेपन एवं नवाचार को बढ़ावा देने, उद्योग जगत से जुड़े बहुविषयक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने तथा नवाचार एवं उद्यमिता के सशक्त परिवेश को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। उनके नेतृत्व में आईआईटी हैदराबाद देश के सर्वाधिक गतिशील एवं प्रगतिशील संस्थानों में से एक के रूप में निरंतर विकास कर रहा है। संस्थान ‘विकसित भारत @2047’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में योगदान देने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर भी अपना प्रभाव स्थापित कर रहा है।

सीनेट


संस्थान की सीनेट, जिसमें सभी विभागाध्यक्ष एवं संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्य शामिल होते हैं, संस्थान की शैक्षणिक नीतियों का निर्धारण करती है। यह पाठ्यचर्या, पाठ्यक्रमों, परीक्षाओं एवं परीक्षा परिणामों को नियंत्रित एवं अनुमोदित करती है। समय-समय पर उत्पन्न होने वाले विशिष्ट शैक्षणिक मामलों पर विचार करने के लिए सीनेट विभिन्न समितियों का गठन करती है। सुविधाओं में सुधार एवं शैक्षणिक मानकों को बनाए रखने के उद्देश्य से संस्थान के विभिन्न विभागों की शिक्षण, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान गतिविधियों की समय-समय पर समीक्षा की जाती है। संस्थान के निदेशक सीनेट के पदेन अध्यक्ष होते हैं।

कैसे पहुँचें

हवाई अड्डे से (64 किमी)

  • गांडीगुड़ा में ओआरआर (बाह्य रिंग रोड) पर चढ़ें।
  • मुथांगी में निकास संख्या 3 से बाहर निकलें।
  • राष्ट्रीय राजमार्ग-65 पर आगे बढ़ें – आईआईटी हैदराबाद दाईं ओर स्थित है।

मेट्रो मार्ग

  • सिकंदराबाद ईस्ट मेट्रो स्टेशन
  • अमीरपेट मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो बदलें।
  • मियापुर मेट्रो स्टेशन पर उतरें।

एमएमटीएस मार्ग

  • सिकंदराबाद → लिंगमपल्ली
  • पटानचेरू के लिए बस
  • संगारेड्डी के लिए बस